बीजापुर, 26 फरवरी 2026/sns/-जिला बीजापुर के जांगला थाना क्षेत्र अंतर्गत जेवारम कैंप में तैनात सीआरपीएफ 211 बटालियन द्वारा नक्सल विरोधी अभियान के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीणों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना था।
कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट के निर्देशन में द्वितीय कमान अधिकारी श्री आलोक अवस्थी की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान सीएमओ-214 बटालियन डॉ. स्रोत गुप्ता, शासकीय अस्पताल भैरमगढ़ के चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेश्वर नेताम, थाना प्रभारी जांगला, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, स्कूलों के प्रधानाध्यापक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सिविक एक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत जेवारम, गदमाली एवं बड़े तुंगाली के आश्रित गांवों के जरूरतमंद लोगों को पानी की टंकी, सोलर लालटेन, बर्तन, स्टील प्लेट, गिलास, साड़ी, लुंगी, कंबल, चप्पल आदि सामग्री वितरित की गई। स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, यूनिफॉर्म, नोटबुक, पेन-पेंसिल बॉक्स तथा युवाओं को वॉलीबॉल, वॉलीबॉल नेट, फुटबॉल और क्रिकेट सेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के साथ ही निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें 236 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर का लाभ उठाकर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। द्वितीय कमान अधिकारी श्री आलोक अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि सीआरपीएफ क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ जनकल्याण के कार्यों के लिए भी प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों की सहायता की जाती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सीआरपीएफ के इस प्रयास की सराहना करते हुए जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

