सुकमा, 27 जनवरी 2026/sns/-भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सतत समीक्षा एवं समन्वय किया जा रहा है।
इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमित कुमार के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शबाब खान की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के सभी प्रमुख मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पांचवीं साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री खान द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं महत्वपूर्ण तिथियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि निर्वाचक सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनैतिक दलों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर उन्होंने सभी दलों से निर्वाचन कार्य में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।
बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से अपील की गई कि उनके बी.एल.ए. (बूथ लेवल एजेंट) के माध्यम से फार्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु), फार्म-7 (नाम विलोपन हेतु) एवं फार्म-8 (संशोधन हेतु) संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप-9, प्रारूप-10, प्रारूप-11। एवं प्रारूप-11 उपलब्ध कराए गए। साथ ही मतदान केन्द्रवार फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 की संख्यात्मक जानकारी भी साझा की गई, जिससे वे अपने स्तर पर सूचियों का सूक्ष्म परीक्षण कर सकें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शबाब खान ने बताया कि राजनैतिक दल 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 की अवधि के दौरान प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का गंभीरता से अवलोकन करते हुए विहित प्रक्रिया के अनुसार दावा एवं आपत्तियां दर्ज कराने में निर्वाचकों को सहयोग प्रदान करें, ताकि एक त्रुटिरहित एवं अद्यतन निर्वाचक सूची का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

