सुकमा, 27 जनवरी 2026/sns/-नीति आयोग के सहयोग से सुकमा जिला प्रशासन कल, 28 जनवरी से श्संपूर्णता अभियान 2.0श् का भव्य आगाज करने जा रहा है। मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाला यह महत्वाकांक्षी अभियान आगामी 14 अप्रैल (डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती) तक चलेगा। इस 75 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य आकांक्षी जिले के सुदूर अंचलों तक स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के प्रमुख संकेतकों में 100ः लक्ष्य हासिल करना है, ताकि विकास की मुख्यधारा से कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे।
अभियान के तहत प्रशासन ने स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष फोकस किया है, जिसमें शिशुओं के जन्म के समय वजन की निगरानी, टीबी अधिसूचना दर में सुधार और आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता दिवस का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही, शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों में कार्यात्मक बालिका शौचालयों की उपलब्धता और कृषि क्षेत्र में पशुओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण जैसे 5 प्रमुख बिंदुओं पर मिशन मोड में कार्य होगा। आकांक्षी ब्लॉकों के लिए पूरक पोषण और पेयजल जैसी सुविधाओं के लिए भी पृथक रणनीति तैयार की गई है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने इस पहल को जन भागीदारी कार्यक्रम बताते हुए कहा कि प्रशासन 14 अप्रैल तक निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अभियान की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह और ग्राम सभाओं के साथ होगी, जिसमें फ्रंटलाइन वर्कर्स और स्थानीय नागरिक मिलकर सुकमा को विकास का मॉडल बनाने का संकल्प लेंगे। जिला प्रशासन ने सभी स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक लीडर्स से अपील की है कि वे इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराएं।

