सुकमा, 27 जनवरी 2026/sns/-बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और जनजातीय अस्मिता को सहेजने के उद्देश्य से कल, 28 जनवरी को सुकमा के मिनी स्टेडियम में जिलास्तरीय ‘बस्तर पंडुम-2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से बस्तर संभाग की कला, शिल्प और रीति-रिवाजों को एक नया वैश्विक मंच प्रदान करने की तैयारी है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में सुकमा जिले के तीनों विकासखंडों छिंदगढ़, कोंटा और सुकमा के कुल 168 प्रतिभागी शिरकत करेंगे। ये सभी प्रतिभागी पूर्व में आयोजित विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता हैं, जो अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
12 विधाओं में बस्तर की अनूठी प्रस्तुति
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर संभागीय कमिश्नर श्री डोमन सिंह उपस्थित रहेंगे। इस पंडुम में बस्तर की संस्कृति को 12 विशिष्ट विधाओं में प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें जनजातीय नृत्य, गीत, नाट्य, पारंपरिक वाद्ययंत्रों का वादन, वेशभूषा, आभूषण, चित्रकला और शिल्पकला प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके साथ ही बस्तर के पारंपरिक खान-पान (व्यंजन), स्थानीय पेय पदार्थ, आंचलिक साहित्य और जीवन रक्षक वन औषधियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
स्थानीय संस्कृति का संरक्षण
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य ध्येय जनजातीय संस्कृति को उसके मूल और शुद्ध स्वरूप में पुनर्जीवित करना है। कार्यक्रम के दौरान न केवल प्रदर्शन होगा, बल्कि स्थानीय लोक-शिल्प और रीति-रिवाजों के वैज्ञानिक व सांस्कृतिक महत्व से भी जनमानस को परिचित कराया जाएगा।
ग्रामीणों में उत्साह का माहौल
जिलास्तरीय आयोजन को लेकर स्थानीय कलाकारों और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। मिनी स्टेडियम को पारंपरिक साज-सज्जा से सजाया जा रहा है, जहाँ कल सुबह से ही सांस्कृतिक उत्सव की गूँज सुनाई देगी। जिला प्रशासन सुकमा ने समस्त नागरिकों और कला प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मिनी स्टेडियम पहुंचकर बस्तर की इस गौरवशाली विरासत के साक्षी बनें और स्थानीय कलाकारों का उत्साह बढ़ाएं।

