कवर्धा, 03 दिसंबर 2025/sns/- विश्व एड्स दिवस के अवसर पर संत श्री कबीर कृषि महाविद्यालय में एचआईवी, एड्स संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए छात्र-छात्राओं के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में एचआईवी, एड्स से संबंधित जानकारी, रोकथाम उपायों तथा इसके प्रति जागरूकता को बढ़ाना था। इस आयोजन में महाविद्यालय के समस्त व्याख्यातागण, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा यूथ रेडक्रॉस की टीम उपस्थित रही। विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, उपचार की उपलब्ध सुविधाएँ तथा इससे जुड़े सामाजिक मिथकों और भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत संकल्प समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने वर्ष 2030 तक एचआईवी, एड्स को समाप्त करने के लक्ष्य को समर्थन देते हुए जागरूकता बढ़ाने, भेदभाव रहित स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। महाविद्यालय एवं स्वास्थ्य विभाग ने छात्रों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने एवं जागरूकता संदेश समाज तक पहुँचाने का आह्वान किया।
समाचार क्रमांक-1398/राहुल फोटो/
कबीरधाम जिले में राज्य छात्रवृत्ति भुगतान के लिए विद्यार्थियों के आधार-सीडेड बैंक खाते अनिवार्य
कवर्धा, 03 दिसंबर 2025। कबीरधाम जिले के अंतर्गत संचालित समस्त शालाओं में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों की राज्य छात्रवृत्ति (कक्षा 3वीं से 12वीं) का भुगतान इस वर्ष डीबीटी के माध्यम से किए जाने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति का लाभ विद्यार्थियों को समय पर और सीधे उपलब्ध कराने हेतु आधार नंबर का बैंक खाते से सीडेड होना अनिवार्य है। उन्होंने जिले में संचालित सभी बैंकों को निर्देशित किया है कि पात्र विद्यार्थियों के नाम पर आधार-सीडेड बैंक खाते प्राथमिकता से खोले जाएँ एवं पूर्व के खाते अधार लिकिंग अनिवार्य रूप से करवाया जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री वर्मा ने बताया कि जिन शालाओं में पात्र विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, वे अपने निकटतम बैंक में जाकर विद्यार्थी के नाम पर आधार-सीडेड बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करें, ताकि विद्यार्थियों को शासन की छात्रवृत्ति योजना का लाभ बिना किसी विलंब के प्राप्त हो सके। उन्होंने सभी पालकों, विद्यार्थियों और विद्यालयों से अपील की है कि वे आधार-सीडिंग कार्य शीघ्रता से सुनिश्चित करें, जिससे छात्रवृत्ति राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के खातों में सफलतापूर्वक हस्तांतरित की जा सके।

