बीजापुर, 17 नवंबर 2025/sns/- समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 2025-26 के दौरान अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण को रोकने के लिए बीजापुर जिला प्रशासन द्वारा लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जिले की महाराष्ट्र और तेलंगाना सीमा से लगे होने के कारण अन्य राज्यों से अवैध धान की आवक की आशंका बनी रहती है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने विशेष निगरानी बढ़ा दी है।
इसी क्रम में आज बीजापुर शहर से लगे ग्राम जैतालूर में एक थोक व्यापारी के घर सह-गोदाम परिसर में निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान व्यापारी तारा देवी जायसवाल के गोदाम में 29 कट्टा धान (लगभग 12 क्विंटल) बिना स्टॉक रजिस्टर में प्रविष्टि के पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर मंडी विभाग एवं खाद्य निरीक्षक की उपस्थिति में धान को तत्काल जप्त कर लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्टॉक इंट्री कृषि उपज का भंडारण मंडी अधिनियम, खाद्य सुरक्षा नियमों और समर्थन मूल्य खरीदी दिशानिर्देशों का गंभीर उल्लंघन है।
प्रशासन ने व्यापारी को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले के सभी व्यापारियों, परिवहनकर्ताओं एवं किसानों से नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने कहा कि समर्थन मूल्य योजना का लाभ केवल जिले के वास्तविक पंजीकृत किसानों को मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए सीमाओं, बाजारों और ग्राम क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।


