रायगढ़, 03 नवम्बर 2025/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले में 4 नवम्बर 2025 से निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण प्रारंभ हो रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने बताया कि जिले के सभी तहसील मुख्यालयों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
इन हेल्प डेस्कों के माध्यम से मतदाता न केवल विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, बल्कि वर्ष 2003 में किए गए पुनरीक्षण में सम्मिलित मतदाताओं के उनके विधानसभा क्षेत्र की जानकारी भी हासिल कर सकेंगे। प्रत्येक हेल्प डेस्क में एक जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर तथा एक आई.टी. कर्मचारी को नियुक्त किया गया है ताकि मतदाताओं को तकनीकी व प्रक्रिया संबंधी किसी भी समस्या में तत्काल सहायता मिल सके।
विशेष पुनरीक्षण अभियान की तैयारी के तहत 1 नवम्बर 2025 को सभी नियुक्त कर्मचारियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण नोडल अधिकारी श्री जे.एल. जांगड़े के मार्गदर्शन में श्री राजेश डेनियल एवं श्री विकास रंजन सिन्हा द्वारा संपन्न कराया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के समस्त मतदाताओं से अपील की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान यदि किसी मतदाता को नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या किसी अन्य जानकारी की आवश्यकता हो, तो वे कलेक्टर परिसर स्थित जिला स्तरीय हेल्प डेस्क या अपने संबंधित तहसील कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।

