सुकमा, 26 अगस्त 2025/sns/- “हम सबका है सपना, साफ-स्वच्छ हो छिंदगढ़ अपना” इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में छिंदगढ़ की कमल फूल स्व-सहायता समूह की महिलाएं को स्वच्छ रख रही हैं, साथ ही अपनी मेहनत और एकजुटता से आत्मनिर्भरता की ओर भी कदम बढ़ा रही हैं। कमल फूल स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष शांति करट्टामी बताती हैं कि एक समय था जब मेरे पास न तो मकान था और न ही आर्थिक स्थित भी सही थी। फिर पीआरपी संगीता ने उन्हें बताया कि आप स्व सहायता समूह जुड़ कर अपने सपने को पूरा कर सकती है। उन्होंने बताया कि समूह में जुड़ने के बाद नियमित बचत और समय पर ऋण सुविधा के कारण आज मैने अपने सपनों का घर बना चुकी हैं। अध्यक्ष करट्टामी बताती हैं कि उन्होंने समूह से 60 हजार रुपये लेकर अपना मकान पूरा किया है और आज वह बेहद खुश हैं। स्व सहायता समूह की महिलाओं का कहना है कि समूह में जुड़ने से वे एक परिवार की तरह एक-दूसरे का साथ देती हैं, समस्याएँ साझा करती हैं और हर जरूरत के समय सहयोग करती हैं। अध्यक्ष शांति करट्टामी बताती है कि हर महिला को स्व-सहायता समूह से जुड़ना चाहिए, क्योंकि यही आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का मार्ग है।
कचरा संग्रहण से स्वच्छता की नई पहल
सितंबर 2024 से ग्राम पंचायत छिंदगढ़ के सहयोग से समूह ने स्वच्छता अभियान की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली। 13 सदस्याओं वाला यह समूह प्रतिदिन सुबह दुकानों में जाकर गीला, सूखा और प्लास्टिक कचरा अलग-अलग एकत्र करते है। दोपहर में सभी महिलाएँ इकट्ठा होकर वेस्ट को पृथक करती हैं। प्लास्टिक और अन्य उपयोगी सामग्री को बेचकर समूह आय अर्जित करता है।
आर्थिक सशक्तिकरण का साधन बना स्वच्छता अभियान
समूह की महिलाएँ हर माह लगभग 15 से 20 हजार रुपये एकत्र कर रही हैं। इसमें ग्राम पंचायत से 15वें वित्त आयोग अंतर्गत प्राप्त राशि और गाँव की दुकानों से लिया जाने वाला स्वच्छता शुल्क भी शामिल है। यह धनराशि समूह भविष्य की आवश्यकताओं और सामाजिक कार्यों के लिए संचित किया जा रहा है।
गाँव में दिख रहा प्रयासों का असर
समूह के प्रयासों से छिंदगढ़ गाँव की गलियाँ अब स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त हो रही हैं। गीला और सूखा कचरा अलग करने से पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। प्लास्टिक अपशिष्ट का उचित प्रबंधन हो रहा है। गाँव में रोग फैलने की संभावना कम हुई है और लोगों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।
महिलाओं ने बदली अपनी और गाँव की तस्वीर
समूह की सदस्याएँ – अध्यक्ष शांति करट्टामी, हिड़मा,
गंगी वेक्को, प्रीया वेक्को, मुक्कम देवी, सुमली माड़वी, सोनी कश्यप, सुकड़ी वेक्को, अनिता मंडावी, सुकी वेक्को, मंगली कुजाम, रीना मरकाम और रामे वेक्को शामिल हैं। ये सभी महिलाएँ गाँव की स्वच्छता में अहम योगदान दे रही हैं, साथ ही अपनी आजीविका और परिवार की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ बना रही हैं।



