छत्तीसगढ़

जिले में शिशु संरक्षण माह अभियान का शुभारंभ, 21 अप्रैल तक चलेगा कार्यक्रम

मोहला, 20 मार्च 2026/sns/-जिले में शिशु संरक्षण माह अभियान का शुभारंभ मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में किया गया। कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। अभियान 17 मार्च से 21 अप्रैल तक जिले भर में चलाया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने अभियान का विधिवत शुभारंभ करते हुए शिशु एवं बाल स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला और आमजन से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री एसआर मांडवी ने बताया कि अभियान के तहत शिशुओं को आवश्यक टीकाकरण, विटामिन ‘ए’ अनुपूरण, आयरन सप्लीमेंटेशन सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसका उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है और सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. देवेश ठाकुर, बीएमओ मोहला डॉ. सीमा ठाकुर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *