मुंगेली, 19 मार्च 2026/sns/- जिले में खनिज संसाधनों के सुव्यवस्थित प्रबंधन, पारदर्शिता और अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में विभाग ने खनिज प्रबंधन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे जिले में व्यवस्था अधिक सुदृढ़ हुई है। वर्तमान में जिले में कुल 29 गौण खनिज खदानें स्वीकृत हैं, जिनका संचालन नियमानुसार सुनिश्चित किया जा रहा है। इन खदानों से प्राप्त खनिजों का उपयोग सड़क निर्माण, भवन निर्माण और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास में उपयोग किया जा रहा है। इससे जहां जिले के विकास कार्यों को गति मिल रही है, वहीं शासन को राजस्व प्राप्त होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं।
हाल ही में जिले में 03 रेत घाटों का आबंटन रिवर्स ऑक्शन की पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। इस प्रक्रिया से खनिज संसाधनों के आवंटन में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिला है, जिससे शासन को अधिक राजस्व प्राप्त होने के साथ व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित हुई है। रेत घाटों के आबंटन से जिले में रेत की उपलब्धता भी आसान हुई है तथा अवैध रेत खनन की गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी। कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। विभागीय अमला नियमित रूप से निरीक्षण और जांच कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर रहा है। इसके साथ ही आम नागरिकों, खनन कार्य से जुड़े लोगों और वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि सभी लोग नियमों का पालन करते हुए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित कर सकें। खनिज संसाधनों के उपयोग से शासन को विभिन्न प्रकार के कर और राजस्व प्राप्त होते हैं। इसमें जिला खनिज संस्थान न्यास तथा राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण एवं विकास ट्रस्ट जैसी निधियां शामिल हैं, जिनका उपयोग जनहित और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कार्यों में किया जाता है।
जिले में कलेक्टर के मार्गदर्शन में डीएमएफ निधि का उपयोग विशेष रूप से शिक्षा क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले में पांच स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो मोतिमपुर-अमरटापु, सरगांव, पथरिया, लोरमी तहसील तथा लालपुर थाना क्षेत्र में स्थित हैं। इसके अलावा जिला ग्रंथालय में ई-लाइब्रेरी की स्थापना कर विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आधुनिक ज्ञान संसाधनों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया है। इससे खनिज राजस्व से प्राप्त निधियों का सदुपयोग करते हुए जिले के शैक्षणिक और सामाजिक विकास को नई दिशा दी जा रही है।
खनिज विभाग द्वारा कार्यालयीन कार्यों को अधिकतम ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आई है, प्रक्रियाएं सरल हुई हैं और आम नागरिकों व हितग्राहियों को समयबद्ध एवं सुविधाजनक सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। इन सभी उपलब्धियों के पीछे कलेक्टर तथा संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म के संचालक श्री रजत बंसल के मार्गदर्शन और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके नेतृत्व में खनिज विभाग जिले में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करते हुए खनिज संसाधनों के पारदर्शी, जिम्मेदार और सतत उपयोग की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। इस प्रकार जिले का खनिज विभाग प्रशासनिक सहयोग, आधुनिक तकनीक और सुदृढ़ निगरानी व्यवस्था के माध्यम से जिले के विकास और खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान कर रहा है।


