छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की तहसीलवार की समीक्षा

मुंगेली, 21 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने तहसीलवार नामांतरण, सीमांकन, खाता विभाजन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों के समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सचिव एवं पटवारियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने पर जोर देते हुए कहा कि लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि आमजनों को त्वरित सुविधा मिल सके। उन्होंने आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। बैठक में आरआरसी एवं राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वसूली कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही नक्शा बटांकन, सीमांकन, डिजिटल हस्ताक्षर एवं मसाहती सर्वे जैसे प्रकरणों की भी समीक्षा कर बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने पटवारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व प्रकरणों में तत्परता से कार्य करें, अन्यथा लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा सोलर इंस्टॉलेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही धान उठाव की समीक्षा कर शेष धान का समयबद्ध उठाव सुनिश्चित करने को कहा। गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए बोर खनन एवं सिंटेक्स टंकी स्थापना कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जल संरक्षण के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित एसडीएम और राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *