छत्तीसगढ़

अब नहीं तय करनी पड़ती लंबी दूरी, घर में मिल रहा स्वच्छ पानी

रायगढ़, 17 मार्च 2026/sns/- कभी हर सुबह पानी की चिंता से शुरू होने वाला दिन, आज राहत और मुस्कान के साथ बीत रहा है-यह बदलाव है ग्राम किरीतमाल की श्रीमती तनूजा यादव के जीवन का। जहां एक समय पानी के लिए लंबी दूरी तय करना उनकी मजबूरी थी, वहीं आज उसी घर में नल से मिल रहा स्वच्छ पानी उनके जीवन में नई उम्मीद, सुविधा और सम्मान लेकर आया है। शासन की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन ने न केवल उनके घर तक पानी पहुंचाया, बल्कि उनके जीवन की दिशा ही बदल दी।
जिला रायगढ़ के विकासखंड खरसिया से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम किरीतमाल में रहने वाली श्रीमती तनूजा यादव का जीवन कुछ साल पहले तक पानी की भारी समस्या से जूझ रहा था। एक साधारण किसान परिवार की गृहिणी तनूजा यादव के लिए हर दिन की शुरुआत पानी की चिंता के साथ होती थी। गांव में सीमित हैंडपंप ही पानी का एकमात्र सहारा थे, जिनसे पानी लाने के लिए उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कई बार दिन में दो से तीन बार पानी भरने जाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका था। गर्मियों के मौसम में हालात और भी कठिन हो जाते थे-कभी हैंडपंप सूख जाते, तो कभी लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता। इस संघर्ष का असर केवल उनके समय और मेहनत पर ही नहीं, बल्कि परिवार की दिनचर्या और बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ता था।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई जल जीवन मिशन योजना, किरीतमाल गांव के लिए उम्मीद की किरण बनकर आई। इस योजना के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाई गई और हर घर तक नल कनेक्शन पहुंचाया गया। श्रीमती तनूजा यादव के घर में भी जब नल कनेक्शन लगा और पहली बार घर के भीतर ही पानी उपलब्ध हुआ, तो वह उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। अब उन्हें दूर जाकर पानी लाने की आवश्यकता नहीं रही। इस बदलाव ने न केवल उनकी दिनचर्या को आसान बनाया, बल्कि उन्हें अपने समय का बेहतर उपयोग करने का अवसर भी दिया। जो समय पहले पानी लाने में खर्च होता था, अब वही समय वे घर के अन्य कार्यों और परिवार की देखभाल में लगा पा रही हैं।
घर में स्वच्छ और सुरक्षित पानी मिलने से तनूजा यादव के परिवार के स्वास्थ्य में भी उल्लेखनीय सुधार आया है। पहले जहां गंदे पानी के कारण छोटी-मोटी बीमारियां आम थीं, अब ऐसी समस्याएं काफी हद तक कम हो गई हैं। सबसे बड़ा सकारात्मक बदलाव उनके बच्चों के जीवन में देखने को मिला है। पहले जहां बच्चों को भी पानी लाने में मदद करनी पड़ती थी, अब वे नियमित रूप से स्कूल जा पा रहे हैं और पढ़ाई पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। आज तनूजा यादव गर्व के साथ कहती हैं कि जल जीवन मिशन ने उनके जीवन को पूरी तरह बदल दिया है। अब उनके घर में न केवल पानी की सुविधा है, बल्कि एक बेहतर, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की शुरुआत भी हो चुकी है। वे सरकार और ग्राम पंचायत के प्रति आभार व्यक्त करती हैं और मानती हैं कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक वरदान साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *