कवर्धा, 17 मार्च 2026/sns/-कबीरधाम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत आधुनिक विजन सेंटर (नेत्र जांच केंद्र) का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र साइटसेवर्स इंडिया के वित्तीय सहयोग तथा जन कल्याण सामाजिक संस्थान और उदयाचल सामाजिक संस्था, राजनांदगांव के संयुक्त प्रयास से स्थापित किया गया है। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. डी.के. तुरे ने किया। इस अवसर पर चोलामंडलम संस्था के प्रतिनिधि श्री लतीफ (ब्रांच मैनेजर), श्री जायसवाल और श्री सिन्हा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती अनुपमा तिवारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम सिंह राजपूत, बीपीएम रूपेश साहू, नेत्र सहायक भीषम कोसले सहित जन कल्याण सामाजिक संस्थान के अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह तथा उदयाचल सामाजिक संस्था के हेमंत तिवारी, पवन लोहिया और विजय हरिहरनो उपस्थित रहे।
डॉ. डी.के. तुरे ने कहा कि बोडला क्षेत्र के लिए यह विजन सेंटर एक बड़ी उपलब्धि है। आधुनिक उपकरणों और आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित यह केंद्र अब स्थानीय स्तर पर बेहतर नेत्र जांच और उपचार सेवाएं प्रदान करेगा। विशेष रूप से मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को समय पर पहचान और इलाज की सुविधा मिलेगी, जिससे दूरस्थ ग्रामीण एवं बैगा आदिवासी क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी।
साइटसेवर्स इंडिया रायपुर की प्रोग्राम ऑफिसर पूजा सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि “नेत्र वसंत रूरल आई हेल्थ प्रोग्राम” के अंतर्गत बैगा बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण बोड़ला और पंडरिया ब्लॉक का चयन किया गया। इस अभियान के तहत व्यापक सर्वे और नेत्र जांच शिविरों के माध्यम से 3 हजार से अधिक मोतियाबिंद मरीजों की पहचान की गई है, जिन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया। इनमें उदयाचल सामाजिक संस्था, राजनांदगांव का बेस हॉस्पिटल, सूर्य नेत्रालय कबीरधाम तथा जिला चिकित्सालय कबीरधाम शामिल हैं, जहां सफल सर्जरी के माध्यम से मरीजों को दृष्टि लाभ प्रदान किया जा रहा है।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, जन कल्याण सामाजिक संस्थान, उदयाचल सामाजिक संस्था और चोलामंडलम का उल्लेखनीय सहयोग रहा है। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से बैगा अंचलों में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिल रही है। नव स्थापित विजन सेंटर के माध्यम से अब क्षेत्र के लोगों को नियमित नेत्र जांच, दृष्टि परीक्षण, मोतियाबिंद की पहचान तथा आवश्यक परामर्श की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी। इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा और अनावश्यक रूप से दूर शहरों की यात्रा करने की आवश्यकता भी कम होगी।

