अम्बिकापुर, 16 मार्च 2026/sns/- जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित की जा रही खबरें महज अफवाह हैं। जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित किया गया है कि गैस एजेंसियों के पास सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर लंबी कतारें लगाने या परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, वे घर बैठे ही डिजिटल माध्यमों से बुकिंग कर होम डिलीवरी की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
पीएम उज्जवला हितग्राही को 24 घंटे में घर पहुंचा सिलेंडर
अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र के मायापुर टनगनपारा की रहने वाली और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की हितग्राही श्रीमती संजरी खातून ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए गैस एजेंसी डिस्ट्रीब्यूटर के टोल फ्री नंबर पर मिस कॉल दिया था। महज एक दिन के भीतर गैस एजेंसी द्वारा उनके घर पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित कर दी गई।
उनके पति श्री नैमुद्दीन अंसारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण बुकिंग में आंशिक बाधा आई थी, लेकिन अब यह समस्या पूरी तरह ठीक हो चुकी है। उन्होंने कहा, “हमने 15 मार्च को कंपनी के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर बुकिंग की, जिसका तत्काल मोबाइल पर मैसेज प्राप्त हुआ और आज 16 मार्च को सिलेंडर हमारे घर पहुंच गया।“
उपभोक्ताओं से अपीलः डिजिटल बुकिंग अपनाएं
गैस एजेंसियों संचालकों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह के झांसे में न आएं। जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। गैस एजेंसी संचालकों ने आग्रह किया कि उपभोक्ता गैस एजेंसियों में भीड़ लगाकर अपना कीमती समय बर्बाद न करें, टोल फ्री नंबर माध्यम से प्रदान की जा रही होम डिलीवरी सेवा का लाभ उठाएं।
सुचारू आपूर्ति और शासन का आभार
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राही परिवार ने शासन और जिला प्रशासन की गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की सुगम व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया है। वर्तमान में गैस कंपनियां मोबाइल टोल फ्री नंबर और व्हाट्सएप के माध्यम से सुचारू रूप से बुकिंग स्वीकार कर रही हैं, जिससे आम नागरिकों को घर बैठे ही ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।

