अम्बिकापुर. 14 मार्च 2026/sns/- विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया सरल और सुलभ बनाने के लिए सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशानुसार अब स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि विद्यालय परिसर में ही शिविर लगाकर उन्हें जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है
इसी क्रम में उदयपुर एसडीएम श्री बनसिंह नेताम के मार्गदर्शन में तहसील उदयपुर अंतर्गत पूर्व माध्यमिक शाला घाटबर्रा में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शाला के पात्र छात्र-छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें मौके पर ही निःशुल्क जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए विद्यालय स्तर पर ही राजस्व दस्तावेजों की प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। शनिवार को आयोजित शिविर के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में तैयार प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया।
एसडीएम श्री बनसिंह नेताम ने बताया कि विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र विद्यार्थियों का चयन कर उनके आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन मौके पर ही किया जा रहा है। विद्यालय स्तर पर प्रमाण पत्र उपलब्ध होने से अब छात्रों और उनके अभिभावकों को तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय की बचत के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है।
प्रमाण पत्र वितरण के दौरान विद्यालय के शिक्षक एवं राजस्व अमला उपस्थित रहा। घर के पास ही निःशुल्क प्रमाण पत्र मिलने पर विद्यार्थियों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उदयपुर तहसीलदार श्री विकास जिंदल ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी जाति प्रमाण पत्र के अभाव में शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।


