मुंगेली, 14 मार्च 2026/sns/- शासन की महत्वाकांक्षी महतारी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे स्वरोजगार सहित अन्य क्षेत्रों में अग्रसर हो रही हैं। इसी कड़ी में जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम उमरिया की रहने वाली श्रीमती साहिबिन बाई डहरिया के जीवन में महतारी वंदन योजना नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनकर सामने आई है। पहले वे मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं, लेकिन आय सीमित होने के कारण घर की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो जाता था। महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली 01 हजार रुपये की मासिक सहायता राशि ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया।
इस राशि को बचत के रूप में जोड़ते हुए साहिबिन बाई ने अपने घर के पास ही एक छोटी राशन दुकान शुरू की। धीरे-धीरे उनके इस छोटे से प्रयास ने एक स्थायी आय का रूप ले लिया। आज साहिबिन बाई अपने स्वयं के व्यवसाय के माध्यम से न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। साहिबिन बाई डहरिया ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास दिया है। वे इस योजना के लिए प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हैं।

