छत्तीसगढ़

अमृत मिशन 2.0 अंतर्गत अमृत मित्र महोत्सव में शामिल होने 13 महिलाएं नई दिल्ली के लिए रवाना

मुंगेली, 12 मार्च 2026/sns/- जिले के नगरीय निकायों में अमृत मिशन 2.0 अंतर्गत अमृत मित्र के रूप में कार्यरत स्व सहायता समूह की 13 महिलाओं को 13 मार्च को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अमृत मित्र महोत्सव में शामिल होने के लिए रवाना किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) एवं संबंधित नगरीय निकाय के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) द्वारा महिलाओं को हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि अमृत मिशन 2.0 के माध्यम से स्व सहायता समूह की महिलाएं नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, जल प्रबंधन तथा जनजागरूकता से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। अमृत मित्र के रूप में इन महिलाओं द्वारा समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
नई दिल्ली में आयोजित अमृत मित्र महोत्सव में भाग लेने से महिलाओं को देश के विभिन्न राज्यों से आए अमृत मित्रों से संवाद करने, अपने अनुभव साझा करने तथा नई जानकारियां प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें अपने कार्यों को और बेहतर तरीके से करने के लिए प्रेरणा मिलेगी। इस दौरान अधिकारियों ने सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे महोत्सव में सक्रिय रूप से भाग लें और वहां से प्राप्त अनुभवों को जिले में भी साझा करें, जिससे अन्य समूहों को भी प्रेरणा मिल सके। उल्लेखनीय है कि अमृत मिशन 2.0 के तहत नगरीय निकायों में स्व सहायता समूह की महिलाओं को अमृत मित्र के रूप में जोड़ा गया है, जो स्वच्छता, जल संरक्षण, नागरिक जागरूकता तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *