छत्तीसगढ़

निःशुल्क प्रशिक्षण से खुला रोजगार का रास्ता, संगीता बनी आत्मनिर्भर

महासमुंद, 10 मार्च 2026/sns/- जिला मुख्यालय महासमुंद वार्ड 26 में रहने वाली संगीता
सुराना आज आत्मनिर्भर होकर अपनी परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में
मदद कर रही हैं। संगीता सुराना बताती हैं कि एक समय ऐसा था जब उन्हें समझ
नहीं आ रहा था कि जीवन में आगे क्या किया जाए। उन्होंने कभी यह नहीं सोचा
था कि वह एक दिन ब्यूटीशियन बनकर अपना स्वयं का काम शुरू करेंगी।इसी
दौरान उनकी एक सहेली ने उन्हें बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के
अंतर्गत मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) द्वारा जागरूकता
कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से निःशुल्क
ब्यूटीशियन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह जानकारी मिलने के बाद
संगीता ने प्रशिक्षण में सहभागिता की और पूरी लगन के साथ ब्यूटीशियन का
प्रशिक्षण प्राप्त किया।संगीता बताती है कि वे और उनके परिवार ने जीवन
में कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया, पर उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
प्रशिक्षण के बाद संगीता ने अपने घर से ही ब्यूटीशियन का काम शुरू किया और
प्रतिदिन 8 से 10 घंटे मेहनत कर धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई। आज वह अपने इस
काम से अच्छी आय अर्जित कर रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को
मजबूत बनाने में पूरा सहयोग कर रही हैं। संगीता बताती हैं कि पहले उन्होंने
केवल शौक के लिए ब्यूटिशियन का कोर्स किया था, लेकिन उन्हें यह अंदाजा
नहीं था कि यह हुनर एक दिन उनके लिए रोजगार का माध्यम बन जाएगा। संगीता का
कहना है कि विभाग द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण की जानकारी और अवसर मिलने से
ही वह आज आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन सकी हैं। संगीता सुराना इस सफलता के
लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग का आभार व्यक्त
की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *