छत्तीसगढ़

जिला शिक्षाधिकारी श्री जीआर मंडावी का औचक निरीक्षण

सुकमा, 02 फरवरी 2026/sns/- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षा 2026 के अंतर्गत कोंटा एवं मरईगुड़ा क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जिला शिक्षाधिकारी श्री जी.आर. मंडावी द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित होती पाई गई।
जिला शिक्षाधिकारी ने शासकीय अंग्रेजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंटा, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंटा तथा शासकीय हाई स्कूल मरईगुड़ा (वन) में कक्षा 10वीं के परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान मरईगुड़ा में संचालित पोर्टाकेबिन एवं आश्रमशाला का भी निरीक्षण किया गया। यहां विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, अध्यापन कार्य तथा परीक्षा की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिला शिक्षाधिकारी ने बच्चों की सुविधाओं और शैक्षणिक वातावरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात प्राथमिक विद्यालय नुलकातोंग एवं माध्यमिक शाला नुलकातोंग का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका शैक्षणिक स्तर परखा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पहाड़े और गिनती सुनाकर अपनी तैयारी का परिचय दिया। बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालय में ऊर्जा संरक्षण विषय पर संस्था प्रमुख एवं स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। सभी शिक्षण संस्थानों में मध्यान्ह भोजन योजना सुचारू रूप से संचालित पाई गई। विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय आ रहे हैं तथा कक्षा 5वीं एवं 8वीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी व्यवस्थित रूप से कराई जा रही है। निरीक्षण के दौरान संस्थान में 5 शिक्षक उपस्थित थे, जबकि एक शिक्षक अवकाश पर थीं। इस अवसर पर बीईओ कोंटा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *