छत्तीसगढ़

आकांक्षी जिला सुकमा में नेशनल साइंस डे पर विज्ञान और नवाचार की अनूठी झलक

सुकमा, 02 फरवरी 2026/sns/-आकांक्षी जिला सुकमा में सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत नेशनल साइंस डे का आयोजन उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन साइंस पार्क सुकमा में किया गया, जहां जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान प्रदर्शनी और अभिनव वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन कर उनकी जिज्ञासा, नवाचार क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की। अपने प्रेरणादायी संबोधन में कलेक्टर ने कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का एक दृष्टिकोण है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे विज्ञान को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजें। कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में वैज्ञानिक सोच, तार्किक दृष्टिकोण और नवाचार को देश एवं जिले की प्रगति का सशक्त आधार बताया। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी प्रयोगात्मक ज्ञान को आत्मसात करेंगे, तो वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
इस अवसर पर जिले के 9 विद्यालयों के लगभग 200 विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रदर्शनी, मॉडल प्रस्तुति, प्रश्नोत्तरी, भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, पीपीआईए फेलो, एस्पिरेशनल ब्लॉक फेलो, पिरामल फाउंडेशन तथा शिक्षार्थ फाउंडेशन की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री हेमंत सिन्हा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *