बीजापुर, 27 फरवरी 2026/sns/-राज्य शासन ने बीजापुर जिले में पिनकोण्डा से चेरपाल 42.56 किलो मीटर 80 नग पुल-पुलिया के लिए 47 करोड़ 63 लाख रुपए की निविदा को मंजूरी दी है। इस राशि से जिले में पुल-पुलियों सहित कुल 42.56 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने संबंधित कार्यपालन अभियंता को अनुबंधित समयावधि में काम पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए मापदंडों के अनुरूप सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण सुनिश्चित करने को कहा है।
विभाग ने संबंधित कार्यपालन अभियंता को अनुबंधित कार्यों का संपादन और पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ये कार्य किसी अन्य को सबलेट (Sub-let) नहीं किए जाएंगे तथा कार्य संपादन के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। राज्य शासन द्वारा इन निविदाओं की मंजूरी इस शर्त पर दी गई है कि अनुबंध के पूर्व ठेकेदार से एडीशनल परफॉर्मेंस सिक्योरिटी (APS) की राशि की बैंक गारंटी जो संपूर्ण कार्यावधि के लिए प्रभावशील हो प्राप्त कर ली जाए।

