छत्तीसगढ़

समन्वय से विकास की दिशा में बड़ा कदम जिला स्तरीय परामर्शदात्री बैंकर्स कमेटी की बैठक में ऋण स्वीकृति, डिजिटल सुरक्षा व योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

बीजापुर, 27 फरवरी 2026/sns/-कलेक्टर संबित मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री बैंकर्स कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रमुख बैंक एवं संबंधित शासकीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति, वित्तीय समावेशन की स्थिति तथा जिले में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार की समीक्षा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। डिजिटल बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव, शिकायत निवारण तंत्र की प्रभावशीलता एवं जागरूकता अभियानों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। ग्राम पंचायत स्तर पर सेवा क्षेत्र के अनुरूप बैंक शाखाओं के संचालन, बैंक क्रेडिट लिंकेज समूहों द्वारा खोले गए खातों तथा समूह बीमा योजनाओं की प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त दोहरी प्रमाणीकरण (Two-Factor Authentication) की प्रक्रिया को और मजबूत बनाने पर भी बल दिया गया।

कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने निर्देश दिए कि जिले की सभी बैंक शाखाएं ऋण प्रकरणों का समयबद्ध स्वीकृति एवं निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से व्यक्तिगत एवं सूक्ष्म उद्यमियों के प्रकरणों का त्वरित वितरण करने पर जोर दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के स्वीकृत प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ शीघ्र दिलाया जाए। साथ ही मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को अधिकाधिक प्रकरण बैंक शाखाओं में भेजने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों, स्वरोजगारकर्ताओं एवं छोटे उद्यमियों को वित्तीय सहायता मिल सके।

बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लंबित ऋण प्रकरणों के शीघ्र निपटान के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे अपने बीसी स्टाफ को “सुशासन एक्सप्रेस” के अंतर्गत प्रत्येक नियद नेल्लानार शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रखें, ताकि अधिक से अधिक बचत खाते खोले जा सकें। उन्होंने कहा कि नियद नेल्लानार क्षेत्र में प्रत्येक परिवार का कम से कम एक बैंक खाता होना चाहिए, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंच सके। इसके अतिरिक्त जिले की सभी बैंक शाखाओं को बीसी (बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट) केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए।  

कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय, सतत निगरानी एवं पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है और सभी विभागों एवं बैंकों को मिलकर कार्य करना होगा।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, आरबीआई के एलडीओ सदानंदा बास्के, एलडीएम अमित कुमार एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे। यह बैठक जिले में वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार प्रोत्साहन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *