बलौदाबाजार-भाटापारा, 26 फरवरी 2026/sns/- बाबा गुरु घासीदास जी की पावन जन्मस्थली एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में 22 से 24 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय भव्य संत समागम एवं गुरुदर्शन मेला का गरिमामय और शांतिपूर्ण समापन पर कलेक्टर दीपक सोनी ने अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है। कलेक्टर ने मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मेला समिति, मेला से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी एवं दर्शन के लिए आए लाखों श्रद्धालुओं और जिले के नागरिकों के प्रति विशेष रूप से आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि आस्था के इस महाकुंभ में सभी के सहयोग से अनुशासन और सुरक्षा का वातावरण बना रहा, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन प्राप्त हुए।
श्री सोनी ने मेले की व्यवस्थाओं में दिन-रात मुस्तैद रहे विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस बल और सेवादारों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई और यातायात जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने में पूरी टीम ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवकों के समर्पण को भी इस सफल आयोजन की मुख्य कड़ी बताया। कलेक्टर ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी तरह के समन्वय और सेवा भाव के साथ गिरौदपुरी धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध रहेगा।

