मुंगेली, 24 फरवरी 2026/sns/- जिला चिकित्सालय में अब मरीजों को ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी। मरीज अथवा उनके परिजन घर बैठे मोबाइल ऐप ‘आभा’ के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकेंगे। इसके अतिरिक्त अस्पताल परिसर में उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा प्राप्त की जा सकती है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विकसित ‘आभा’ मोबाइल एप्लीकेशन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल और सुलभ बनाना है। इस ऐप के माध्यम से मरीज अपने मोबाइल पर ही ओपीडी पंजीयन कर सकते हैं। खास बात यह है कि प्रत्येक पंजीकृत मरीज को एक डिजिटल ‘आभा कार्ड’ प्राप्त होगा, जिसमें एक विशिष्ट 14 अंकों का यूनिक आईडी नंबर होगा। इस आईडी में मरीज की संपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी, पूर्व जांच रिपोर्ट और उपचार विवरण सुरक्षित रहेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शीला साहा ने बताया कि इस सुविधा से किसी भी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में मरीज की मेडिकल हिस्ट्री तत्काल उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उपचार प्रक्रिया और अधिक सटीक एवं त्वरित होगी। यह पहल स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण तथा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय ने बताया कि ‘आभा’ ऐप का उपयोग पूरी तरह निःशुल्क है और इसे आमजन की सुविधा को ध्यान में रखकर सरल बनाया गया है। पंजीयन के समय मरीज या परिजन को अस्पताल परिसर में प्रदर्शित क्यूआर कोड स्कैन करना होगा, जिससे संबंधित जिला अस्पताल का चयन स्वतः हो जाएगा।

