मुंगेली, 24 फरवरी 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के दूर-दराज ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। लोग प्रशासन पर विश्वास रखते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा लेकर यहां आते हैं, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए।
जनदर्शन में विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए, इनमें ग्राम नुनियाकछार की कलेश बाई ने प्रधानमंत्री आवस योजना का लाभ दिलाने की मांग की। लालाकापा की इस्माइली ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण कराने, ग्राम टिंगीपुर की प्रीति गोस्वामी ने दसवीं कक्षा की अंकसूची में नाम संशोधन कराने, काली मंदिर वार्ड के निवासियों ने जर्जर एवं झुके हुए विद्युत तारों को बदलवाने की मांग रखी, जिससे संभावित दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। वहीं ग्राम केस्तरपुरा के विनोद कुमार ने नक्शा बटांकन एवं सीमांकन कराने, ग्राम कारेसरा के मनीराम ने दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने, ग्राम कठौतिया के लालाराम प्रधान ने आधार कार्ड में त्रुटि सुधार कराने सहित अन्य लोगों ने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणवार समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर ही संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल हल किया जाए। जटिल मामलों में जांच कर स्पष्ट प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए तथा आवेदक को प्रकरण की स्थिति से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


