छत्तीसगढ़

धान छोड़ अपनाई उद्यानिकी, अब लाखों में हो रही आमदनी

मुंगेली, 24 फरवरी 2026/sns/- विकासखण्ड पथरिया के ग्राम कलारजेवरा के किसान श्री नरेन्द्र राजपूत आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाया है। उन्होंने उद्यानिकी विभाग की ग्राफ्टेड बैंगन की खेती कर अपनी आय में लगभग चार गुना की वृद्धि की है। किसान श्री राजपूत ने बताया कि पूर्व में वे लगभग 03 एकड़ भूमि में पारंपरिक तरीके से धान की खेती करते थे, जिसमें प्रति एकड़ लगभग 25 क्विंटल उत्पादन प्राप्त होता था और सीमित आय के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा था। बढ़ती लागत और कम मुनाफे से चिंतित होकर उन्होंने शासकीय उद्यानिकी रोपणी सेन्दरी नर्सरी में उद्यानिकी अधिकारियों से संपर्क किया और विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी ली।
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत उन्हें 30 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ, जिसके बाद उन्होंने 0.400 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक के साथ ग्राफ्टेड बैंगन (किस्म टीएसआर-212) की खेती प्रारंभ की। आधुनिक तकनीक के उपयोग से उत्पादन लागत और श्रम में कमी आई तथा उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। जहां धान से उन्हें लगभग 77 हजार 500 रुपये का कुल लाभ और 52 हजार 500 रुपये की शुद्ध बचत होती थी, वहीं ग्राफ्टेड बैंगन से लगभग 03 लाख रुपये का कुल लाभ और 02 लाख 20 हजार रुपये की शुद्ध बचत प्राप्त हुई, जो पूर्व आय से 3-4 गुना अधिक है। उनकी यह सफलता उद्यान विभाग का तकनीकी मार्गदर्शन, शासकीय अनुदान तथा उनका स्वयं के परिश्रम और नवाचार से सम्भव हो सकी है। आज उनकी सफलता से प्रेरित होकर गांव के अन्य किसान भी उद्यानिकी फसलों की खेती की ओर रुचि ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *