सुकमा, 24 फरवरी 2026/sns/-कलेक्टर अमित कुमार ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने आधार एनेबल्ड बायोमेट्रिक अटेंडेंस की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और आम नागरिकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने आधार नामांकन और डीबीटी की प्रगति की समीक्षा कर इसे प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा। खाद्य विभाग को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक माह की 7 तारीख से पूर्व उचित मूल्य दुकानों में राशन भंडारण सुनिश्चित किया जाए। सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण तथा सोमवार से बुधवार तक अधिकारियों की अनिवार्य कार्यालयीन उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजना के तहत शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण पर जोर दिया गया। जिला चिकित्सालय में एमसीएच इकाई में ओटी शिफ्ट करने, वाटर एटीएम शुरू करने और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पुस्तकालय निर्माण और जगरगुंडा क्षेत्र के विकास कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में सेवा एक्सप्रेस, पंचायत कैफे संचालन, स्कूलों में बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण, महुआ संग्रहण कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) 2024-25 के लंबित आवासों की पूर्णता और वृद्धाश्रम भवन के शीघ्र संचालन पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में सिंगल विंडो सिस्टम और हेल्प डेस्क शुरू करने की जानकारी देते हुए ग्राम पंचायतों के आश्रित गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

