मुंगेली, 24 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक में नवीन आधार पंजीयन एवं एमबीयू (मोबाइल बायोमेट्रिक यूनिट) की प्रगति की गहन समीक्षा की। विगत 15 दिनों में एमबीयू की खराब प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों से अग्रिम कार्ययोजना की जानकारी ली। संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) श्री डाहिरे का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आधार पंजीयन से संबंधित सभी अधिकारी अद्यतन जानकारी रखें और लक्षित प्रगति प्राप्त करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। लक्ष्य पूर्ति तक जिले के सभी ब्लॉकों के चिन्हांकित स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित कर नवीन आधार पंजीयन एवं एमबीयू कार्य कराने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में बेहतर मॉनिटरिंग कर लक्ष्य निर्धारित करने और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में कलेक्टर ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत बजट आवंटन एवं कार्ययोजना की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यों के लिए आवंटित बजट का समय-सीमा में उपयोग किया जाए तथा पूरी पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित हो। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने फाइलों में अनावश्यक विलंब की शिकायत पर पूर्व डीएमसी की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
पथरिया बीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश
बैठक में पथरिया के बीईओ की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उनके विरुद्ध प्राप्त शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पीएम श्री स्कूलों की व्यवस्थाओं पर जोर
कलेक्टर ने पीएम श्री स्कूलों में भवनों की स्थिति, पेयजल, शौचालय एवं निर्धारित इंडिकेटरों के आधार पर अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

