छत्तीसगढ़

बीजापुर में खेल महाकुंभः 18 से 20 फरवरी तक अखिल भारतीय व्हॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांच


बीजापुर, 17 फरवरी 2026/sns/-जिले में खेल प्रेमियों के लिए उत्साहजनक खबर है। 18 से 20 फरवरी तक मिनी स्टेडियम, बीजापुर में अखिल भारतीय व्हॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा।

विभिन्न राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा- प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमें भाग लेंगी, जिसमें इनकम टैक्स महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जबलपुर रेलवे, छत्तीसगढ़ पुलिस, साईं तमिलनाडु, उड़ीसा और तेलंगाना के टीमें शामिल है। दर्शकों को रोमांचक और उच्चस्तरीय मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में दमदार सर्व, बेहतरीन ब्लॉक और शानदार स्मैश से मैदान गूंजता नजर आएगा।

तैयारियां पूरी, जनप्रतिनिधियों की रहेगी उपस्थिति- जिला प्रशासन द्वारा आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, सुरक्षा, मैदान व्यवस्था और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम में जिले एवं प्रदेश के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ेगी।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच- इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की टीमों के साथ खेलने और सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिले में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन देने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। बीजापुर का मिनी स्टेडियम तीन दिनों तक खेल उत्साह, जोश और रोमांच का केंद्र बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *