कवर्धा, 17 फरवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में पीएम और जनमन योजना के तहत बन रहे आवासों की प्रगति की विकासखंडवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जितने भी आवास स्वीकृत किंतु अप्रारंभ है उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए। इसके लिए सभी आवास मित्र फील्ड निरीक्षण करते हुए हितग्राहियों से व्यक्तिगत संपर्क करें और आवास निर्माण शुरू करवाएं। उन्होंने सभी सीईओ जनपदों को आवास निर्माण प्रगति की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले में विद्युत सब स्टेशन निर्माण की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन स्थानों में यह सब स्टेशन बनने हैं वहां भूमि आबंटन का कार्य तत्काल पूरा करें। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि आबंटन के साथ ही टेंडर प्रक्रिया पूर्णता वाले स्थानों पर अविलंब निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने धान उठाव की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि गाड़ियों की संख्या बढ़वाते हुए समिति से धान का उठाव तेजी से करवाया जाए।
संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आकांक्षी ब्लॉक में इंडीकेटर के अनुसार मिले लक्ष्यों की पूर्ति के लिए विभागीय अधिकारियों को बैठक में निर्देशित किया गया। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विषयों पर भी गहन चर्चा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने सड़क सुरक्षा के संबंध में विभागीय अधिकारियों से कहा कि संयुक्त दल के द्वारा जिले के चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी के लिए सुधारात्मक प्रयासों के लिए प्रतिवेदन तैयार करें।
बैठक में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम पर चर्चा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले में शासन के निर्देशानुसार तम्बाकू मुक्त पंचायत बनाने के दिशा में कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित किए जाने, स्कूलों के करीब तम्बाकू उत्पादों का विक्रय न करने, 18 वर्ष से कम उम्र के छात्रों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री न किए जाने को लेकर जागरूकता फैलाने और कोटपा एक्ट की धाराओं के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


