छत्तीसगढ़

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोरःकलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा बैठक


बीजापुर, 17 फरवरी 2026/sns/-जिला कलेक्टर संबित मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
अधोसंरचना निर्माण और सैचुरेशन शिविरों की समीक्षा- बैठक के दौरान नियद नेल्लानार क्षेत्रों में चल रहे अधोसंरचना निर्माण कार्यों की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सैचुरेशन शिविरों की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए ताकि योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे।

आधार एवं आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता पर बल- कलेक्टर ने आधार पंजीयन में गति लाने पर जोर देते हुए जन्म प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, राशन कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों को सुगमता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से नक्सल पीड़ित परिवारों एवं आत्मसमर्पित व्यक्तियों को आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने को कहा।
बैठक में नम्रता चौबे (सीईओ) जिला पंचायत, रमेश कुमार जांगड़े डीएफओ सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, समस्त अनुभागों के एसडीएमए डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अंत में सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा कार्यों की नियमित समीक्षा कर लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में प्रशासनिक सक्रियता और समन्वय के माध्यम से जिले के समग्र विकास को गति देने का स्पष्ट संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *