छत्तीसगढ़

सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत सुकमा में “अंतरराष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस” का भव्य आयोजन

सुकमा, 12 फरवरी 2026/sns/-आकांक्षी जिला सुकमा एवं आकांक्षी विकासखंड कोंटा में कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में
बुधवार को सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत “अंतरराष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस” का आयोजन उत्साहपूर्वक एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिले के समस्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में विविध शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यालय स्तर पर एसटीईएम (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, मैथेमेटिक्स) विषय पर विशेष सत्रों का आयोजन कर छात्राओं को विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में करियर निर्माण हेतु प्रेरित किया गया। शिक्षकों एवं विशेषज्ञों द्वारा विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बालिकाओं को नवाचार, अनुसंधान एवं तकनीकी शिक्षा की ओर अग्रसर होने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के लिए विद्यालयों में शौचालयों की उपलब्धता, उनकी स्वच्छता एवं मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के महत्व पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त सुरक्षित पेयजल के उपयोग एवं स्वच्छ जल प्रबंधन की जानकारी व्यवहारिक प्रदर्शन के माध्यम से दी गई, जिससे विद्यार्थियों में स्वच्छ जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़े।
इस आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय प्रभारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही पीपीआईए फेलो सुकमा, एस्पिरेशनल ब्लॉक फेलो सुकमा एवं पीरामल फाउंडेशन सुकमा की टीम ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *