सुकमा, 04 फरवरी 2026/sns/-छत्तीसगढ़ सरकार ने आंगनबाड़ी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ तथा भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अब प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता एवं सहायिका की भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है।
भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव
भर्ती नियम-2008 के अंतर्गत होने वाली नियुक्तियों के लिए अब किसी भी प्रकार के कागजी (ऑफलाइन) आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया को त्रुटिरहित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह प्रणाली लागू की गई है। 23 जनवरी 2026 को रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिए जाने के पश्चात यह ऑनलाइन प्रणाली सुकमा सहित पूरे प्रदेश में प्रभावी रूप से लागू कर दी गई है।
सुकमा जिले में रिक्त पदों का विवरण
सुकमा जिले की कुल 5 परियोजनाओं में से वर्तमान में छिंदगढ़ एवं तोंगपाल परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी किए गए हैं। विवरण इस प्रकार है ग्राम पंचायत बकुलाघाट में आंगनबाड़ी केंद्र रेड्डीपाल (खासपारा) परियोजना छिंदगढ़ में आवेदन की अंतिम तिथि 17 फरवरी, ग्राम पंचायत पालेम में आंगनबाड़ी केंद्र सड्रापाल जग्गुमुण्डा परियोजना तोंगपाल में आवेदन की अंतिम तिथि 14 फरवरी निर्धारित की गई है।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक एवं पात्र महिला उम्मीदवार विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैंकृ आधिकारिक वेबसाइटः https://aww.e-bharti.in/
सहायतारू पोर्टल पर यूज़र मैनुअल उपलब्ध है, जिसमें आवेदन प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी दी गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करें। किसी भी तकनीकी समस्या अथवा अतिरिक्त जानकारी के लिए संबंधित आईसीडीएस परियोजना कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

