छत्तीसगढ़

बस्तर पंडुम महामहिम के स्वागत को तैयार जगदलपुर


जगदलपुर, 03 फरवरी 2026/sns/- राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के ऐतिहासिक बस्तर प्रवास और बस्तर पण्डुम कार्यक्रम के शुभारंभ को लेकर समूचे संभाग में उत्साह का वातावरण निर्मित हो चुका है। इस हाई-प्रोफाइल दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सहूलियत के कड़े इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम को भव्य और निर्बाध बनाने के उद्देश्य से जगदलपुर पुलिस और प्रशासन ने लालबाग स्थित आयोजन स्थल के आसपास एक व्यापक पार्किंग एवं ट्रैफिक प्लान लागू किया है, ताकि वीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ आम जनता को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।प्रशासन द्वारा जारी की गई विस्तृत योजना के अनुसार, पार्किंग व्यवस्था को सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न श्रेणियों में बांटा गया है। वीवीआईपी यानी राष्ट्रपति महोदया के काफिले के लिए लालबाग ग्राउंड को आरक्षित रखा गया है, जिसे पी-1 कोड दिया गया है। वहीं, मुख्य मंच पर आसीन होने वाले राजदूतों और विशिष्ट अतिथियों के वाहनों के लिए लालबाग पीटीएस ग्राउंड (वीआईपी-1) तय किया गया है। मीडिया कर्मियों और कार पास धारकों के लिए क्यूरो इंडिया स्कूल के पीछे का मैदान और सनसिटी कॉलोनी में पार्किंग (वीआईपी-2) की व्यवस्था रहेगी, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन कोआर्डिनेशन सेंटर और अमर वाटिका में खड़े किए जाएंगे।

कार्यक्रम में शामिल होने वाली विशाल जनसमूह की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने शहर के अलग-अलग मार्गों से आने वाले लोगों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग जोन बनाए हैं। रायपुर, भानपुरी, बस्तर, बकावंड और नगरनार मार्ग के साथ-साथ शहर लोहण्डीगुड़ा, गीदम और सुकमा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कुम्हड़ाकोट गणपति रिसोर्ट के सामने वाला मैदान और रिलायंस पेट्रोल पम्प के बाजू वाली जगह (पी-7 से पी-9) निर्धारित की गई है। यदि भीड़ अधिक बढ़ती है, तो प्रशासन ने कृषि उपज मंडी और हाता ग्राउंड को रिजर्व पार्किंग के तौर पर तैयार रखा है।
यातायात विभाग ने आम नागरिकों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण सूचना भी जारी की है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत, लालबाग-सनसिटी मार्ग से आमागुड़ा चैक पार्किंग स्थल की ओर जाने की अनुमति वीवीआईपी आगमन से केवल दो घंटे पूर्व तक ही रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो लोग निर्धारित समय के बाद विलंब से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे, उन्हें मुख्य मार्ग से प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे नागरिकों को चांदनी चैक, नयामुंडा होकर बोधघाट थाना के पीछे से हाटकचोरा मार्ग का उपयोग करते हुए आमागुड़ा पार्किंग स्थल तक पहुंचना होगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात योजना का पालन करें और समय से पूर्व पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *