मुंगेली, 03 फरवरी 2026/sns/- केंद्रीय बजट 2026-27 में शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता दिए जाने पर जिले में सकारात्मक प्रतिक्रियाएँ सामने आ रही हैं। बजट में किए गए प्रावधानों को समाज के विभिन्न वर्गों के लिए हितकारी बताते हुए जिले के नागरिकों ने इसे दूरदर्शी और जनकल्याणकारी निर्णय करार दिया है। विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने बजट की सराहना करते हुए इसे सभी वर्गों के लिए हितकारी बताया है। उन्होंने इस समावेशी बजट के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
जिले की महिमा केशरवानी ने केंद्रीय बजट में गर्ल्स हॉस्टल को प्राथमिकता दिए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय बेटियों की शिक्षा को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि छात्रावास सुविधाओं के विस्तार से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने सपनों को साकार कर सकेंगी। यह पहल निश्चित रूप से बेटियों को नई उड़ान देने का कार्य करेगी। वहीं, बजट में खेल सामग्री को सुलभ और किफायती बनाए जाने के फैसले पर जिले के आरिफ़ खान ने कहा कि खेल संसाधनों की आसान उपलब्धता से युवा खेलों की ओर अधिक आकर्षित होंगे और छुपी हुई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। यह कदम न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा, बल्कि भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इसी प्रकार, केंद्रीय बजट में 17 प्रकार की दवाओं को सुलभ और किफायती बनाए जाने के निर्णय पर जिले की प्रिया टंडन ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा, विशेषकर मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के लिए। स्वास्थ्य सेवाओं की लागत में कमी से लोगों को समय पर उपचार मिल सकेगा और देश में बेहतर सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। केंद्रीय बजट 2026-27 में किए गए ये प्रावधान शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं। जिले के नागरिकों ने बजट को समावेशी विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन की अपेक्षा जताई है। खेल सामग्री को सुलभ एवं किफायती बनाए जाने के निर्णय पर युवराज चक्रधारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाएगी।



