छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना

राजनांदगांव, 02 अप्रैल 2026/sns/-मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के अंतर्गत राजनांदगांव क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और किसानों को बिजली बिलों के बोझ से मुक्त करने का अभियान युद्धस्तर पर जारी है। इस योजना के तहत राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिलों के कुल 12,519 उपभोक्ताओं को अब तक मूल बकाया राशि और अधिभार (सरचार्ज) में भारी छूट का लाभ प्रदान किया जा चुका है। समाधान योजना का मुख्य उद्देश्य गरीबी रेखा के नीचे (बीपीएल) जीवन यापन करने वाले निम्नदाब घरेलू उपभोक्ताओं और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को राहत पहुँचाना है। इस पहल से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि बकाया बिलों के कारण रुकी हुई बिजली सेवाओं को पुनः सुचारू करने में भी मदद मिल रही है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से अब तक चारों जिलों में बड़ी संख्या में लोग जुड़ चुके हैं:-
कबीरधाम जिला – 9,143 उपभोक्ता
राजनांदगांव जिला – 1,570 उपभोक्ता
मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी – 1,081 उपभोक्ता
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई – 725 उपभोक्ता

विद्युत विभाग द्वारा इस योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने के लिए 04 जिलों के 66 वितरण केंद्रों में विशेष समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही, विभाग की टीमें घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को योजना की पात्रता और छूट की प्रक्रिया के बारे में जागरूक कर रही हैं। विभाग का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पात्र उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करना है।
राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र या विभाग द्वारा विशेष रूप से आयोजित शिविरों में संपर्क कर अपना समाधान प्राप्त कर सकते हैं। “यह योजना उन उपभोक्ताओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो पुराने बिजली बिलों के कारण आर्थिक दबाव महसूस कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक लोग शिविरों में पहुंचकर अपनी बकाया राशि का निपटारा करें और भविष्य में निर्बाध बिजली सेवा का लाभ उठाएं।” सभी पात्र उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना जल्द से जल्द अपने वितरण केंद्र से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *