मुंगेली, 29 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिला मुंगेली के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस शैक्षिक भ्रमण के तहत जिले से प्रारंभिक स्तर के 100 तथा माध्यमिक स्तर के 100 चयनित विद्यार्थियों सहित कुल 200 विद्यार्थियों को जंगल सफारी, नवा रायपुर का अध्ययन भ्रमण कराया गया। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल मनोरंजक रहा, बल्कि पर्यावरण, वन्यजीव संरक्षण एवं जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.पी.डाहिरे ने बताया कि भ्रमण की शुरुआत प्रातः 06.30 बजे जिला कलेक्टोरेट परिसर से जिला परियोजना समन्वयक श्री अशोक कश्यप द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विद्यार्थियों ने जंगल सफारी गाइड के मार्गदर्शन में हिरण सफारी, बाघ सफारी, लॉयन सफारी एवं भालू सफारी का अवलोकन कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शेर, बाघ, भालू, हिरण, नीलगाय, मोर, चिंतल, सांभर सहित अनेक वन्य जीवों को प्रत्यक्ष देखकर अत्यंत आनंद एवं ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया। एपीओ श्री रामनाथ गुप्ता ने बताया कि सफारी भ्रमण के पश्चात सभी विद्यार्थियों को शाम तक सुरक्षित रूप से सकुशल घर पहुंचाया गया।

