छत्तीसगढ़

निर्माणाधीन शासकीय भवनों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

 मोहला, 29 जनवरी 2026/sns/-जिले में निर्माणाधीन शासकीय भवनों के कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।
 कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन संयुक्त कलेक्टर कार्यालय, ईवीएम गोदाम, वेयरहाउस माडिगपीडि़ंग धेनु, लोक निर्माण विभाग के आवास, जिला पंचायत भवन, डीपीआरसी जिला पंचायत संसाधन केंद्र तथा पुलिस लाइन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक कार्य की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा.निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शासकीय भवनों का निर्माण जनहित से जुड़ा हुआ है, इसलिए कार्यों में समय-सीमा एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय अवधि में कार्य पूर्ण नहीं होने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
 इस अवसर पर  सीईओ  जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जी. आर. मरकाम तथा कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग सुश्री रितु खरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *