छत्तीसगढ़

राज्य में धान खरीदी तेज, 23.48 लाख किसानों ने बेचा धान

मोहला, 29 जनवरी 2026/sns/-खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य में धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। अब तक प्रदेश के 23.48 लाख किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया है। राज्य शासन द्वारा किसानों को उनके धान का भुगतान त्वरित रूप से किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक किसानों को 29 हजार 597 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है। शासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान का भुगतान 48 घंटे के भीतर सीधे किसानों के खातों में किया जा रहा है, जिससे किसानों को त्वरित आर्थिक सहायता मिल रही है। आगामी तीन दिनों में लगभग 1.5 लाख किसान धान विक्रय करेंगे। इसके लिए आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इसी अवधि में 70 हजार से अधिक टोकन जारी किए जाएंगे, जबकि वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 22 हजार टोकन जारी किए जा रहे हैं। राज्य में प्रतिदिन लगभग 3 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा रही है, जिससे खरीदी केंद्रों में सुचारू व्यवस्था बनी हुई है। शासन द्वारा खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, किसान हितैषी एवं व्यवस्थित बनाने हेतु सतत निगरानी की जा रही है। राज्य शासन ने किसानों से निर्धारित तिथियों में टोकन अनुसार धान विक्रय करने की अपील की है, ताकि खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *