मुंगेली, 28 जनवरी 2026/sns/- राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में शहरी स्थानीय निकाय की बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों विशेषकर झुग्गी-बस्तियों में निवासरत गरीब एवं कमजोर वर्ग के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च को कम करने तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। बैठक के माध्यम से शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा जरूरतमंद नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरिश कुर्रे द्वारा मिशन के अंतर्गत नागरिकों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री रोहित शुक्ला ने शहर में 04 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए भवन उपलब्ध कराए जाने हेतु सहमति प्रदान की। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मुंगेली के उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश मिश्रा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बंजारा, पार्षदगण, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनें उपस्थित रहीं।


