कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा
मुंगेली, 21 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की और लक्ष्य के अनुरूप लक्षित प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचे। समय-सीमा बैठक के माध्यम से जिले में विकास कार्यों को गति देने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के वैरीफिकेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए ई-केवायसी, लैंड सीडिंग, आधार सीडिंग आदि प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं की प्रगति के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर उपसंचालक कृषि को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के आधार पंजीयन की प्रगति के सम्बन्ध में जानकारी ली और बेहतर कार्ययोजना बनकर शत प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संस्थागत प्रसव, एनसीडी स्क्रीनिंग, टीकाकरण, वयवंदना, प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना, आभा आइडी आदि की समीक्षा कर लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंनेे मिशन 90 प्लस के अंतर्गत शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हेतु सभी नोडल स्कूलों का नियमित भ्रमण करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण, अध्यापन स्तर एवं विद्यार्थियों के परिणामों में सुधार के लिए शिक्षकों और छात्रों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए विकासखण्डवार जानकारी ली और सभी जनपद सीईओ को लक्ष्य अनुरूप आवास पूर्णता के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कौशल विकास के अंतर्गत मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत पाठ्यक्रम पूर्णता के संबंध में जानकारी ली और समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण कर नवाचार आधारित कौशल उन्नयन के निर्देश दिए। उन्होंने सूर्यघर योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की और लक्ष्य अनुरूप आवश्यक प्रगति लाने निर्देशित किया। उन्होंने खनन विभाग से अवैध खनन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली और सख्त निगरानी के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा की और लंबित जलापूर्ति प्रणाली की ऑनलाइन एंट्री शीघ्र पूर्ण कराने तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत लक्षित कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने की बात कही। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को लेकर पंचायतों के साथ समन्वय कर रेड जोन क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए, ताकि गर्मी में जल संकट की स्थिति न बने। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, तीनों अनुविभागों के एसडीएम सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

