छत्तीसगढ़

नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम एवं जागरूकता कार्यशाला

कवर्धा, 17 नबम्बर 2025/sns/- पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय उडियाकला कबीरधाम में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, ज़ोनल यूनिट रायपुर द्वारा नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम एवं जागरूकता विषय पर एक प्रभावी एवं इंटरैक्टिव कार्यशाला का आयोजन शनिवार को आयोजित की गई। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे उत्पन्न सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर एनसीबी अधिकारियों ने संवादात्मक शैली में बताया कि नशीली दवाएं कैसे व्यक्ति के जीवन, शिक्षा और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करती हैं। उन्होंने नशे की पहचान, उससे बचाव के तरीकों और सहायता प्राप्त करने के उचित संसाधनों की जानकारी भी साझा की। कार्यशाला में प्रश्न-उत्तर, समूह-चर्चा और उदाहरण आधारित संवाद ने प्रतिभागियों की समझ को और अधिक सुदृढ़ किया। शिक्षकों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए विद्यालय स्तर पर नशा-रोधी प्रयासों को और मजबूत बनाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प लिया तथा नशे से दूर रहने व दूसरों को जागरूक करने की प्रतिज्ञा की। यह कार्यशाला विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा एक सुरक्षित, सकारात्मक और नशामुक्त शैक्षणिक वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *