छत्तीसगढ़

फसल प्रतिस्थापन में लाए प्रगति, उद्यानिकी विभाग करें सहयोग कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

 मोहला, 20 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत वेरिफिकेशन कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने फसल प्रतिस्थापन की समीक्षा में मक्का की तुलना में उड़द एवं मूंग की प्रगति कम पाए जाने पर प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उद्यानिकी विभाग को भी बागवानी फसलों के क्षेत्र विस्तार कर फसल प्रतिस्थापन में सहयोग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत पात्र छात्राओं को शत-प्रतिशत साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं समग्र शिक्षा के अंतर्गत स्वीकृत अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पीएम श्री स्कूल से संबंधित जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने पर डीईओ एवं सभी बीईओ को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की स्थिति तथा प्राधिकरण अंतर्गत स्वीकृत सामुदायिक भवनों एवं अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत अंतर्गत मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना तथा नालंदा परिसर से संबंधित कार्यो की प्रगति की समीक्षा की गई। मौके पर व्यापार एवं उद्योग केंद्र की योजनाओं की समीक्षा करते हुए पीएम विश्वकर्मा योजना एवं सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं में बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
वन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वन अधिकार पत्र धारकों की मृत्यु पश्चात फौती नामांतरण के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी एवं एनएच विभाग से भू-अर्जन से संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली गई। वहीं पीएचई विभाग की समीक्षा में ऑनलाइन एंट्री में प्रगति लाने, ग्रीष्म काल में सूखने वाले जल स्रोतों की सूची तैयार करने तथा ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना पूर्व से बनाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संचालन, संधारण हेतु ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित योजनाओं की सूची तैयार करने को कहा गया। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने नल जल मित्र, आशा कार्यकर्ता एवं पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से नल-जल के सदुपयोग, जल शुल्क निर्धारण एवं संग्रहण के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की पोषण स्थिति से संबंधित डाटा को अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय कर बेहतर कार्य करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में स्वीकृत आवासों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने अपूर्ण एवं धीमी गति से चल रहे आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा अधिकारी-कर्मचारियों को फील्ड विजिट कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। राजस्व विभाग की समीक्षा में जिले में लंबित अविवादित, विवादित खाता विभाजन एवं सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *