छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार ने बदली तस्वीर, पात्र हितग्राहियों को मिला सम्मान जनक जीवन का उपहार

मोहला, 20 जनवरी 2026/sns/- शासन द्वारा सुशासन तिहार 2025 के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और प्रभावी रूप से पहुँचाना था। जिसका उद्देश्य जिले में पूरी प्रतिबद्धता के साथ साकार होते नजर आ रहा है। जिले में स्वच्छता के क्षेत्र में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है, जो सुशासन तिहार की सार्थकता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। सुशासन तिहार 2025 के दौरान जिले के तीनों विकासखंड मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से व्यक्तिगत शौचालय के लिए कुल 5725 आवेदन प्राप्त हुए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इन आवेदनों की गहन जांच कर 4125 पात्र आवेदनों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 3133 हितग्राहियों को शौचालय निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई।
प्रशासनिक दक्षता और मैदानी अमले की सक्रियता के परिणामस्वरूप सुशासन तिहार की अवधि में ही 1886 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण पूर्ण कर उनका जियो-टैगिंग किया गया। विकासखंडवार प्रगति की बात करें तो अंबागढ़ चौकी में 1331, मोहला में 388 तथा मानपुर में 167 शौचालयों का निर्माण सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
विशेष रूप से 12 जनवरी 2026 से 19 जनवरी 2026 के बीच ही 318 नए शौचालयों की प्रगति दर्ज होना इस बात का प्रमाण है कि अभियान ने कार्यों को नई गति प्रदान की है। अब तक जिले में 60 प्रतिशत से अधिक की प्रगति प्राप्त हो चुकी है, जिसे स्वच्छता अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनप्रतिनिधियों, मैदानी कर्मचारियों तथा जागरूक ग्रामीणजनों का सराहनीय समन्वय और सहयोग रहा है। व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में शौच से मुक्ति, महिलाओं की गरिमा की रक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छ जीवनशैली को नई मजबूती मिली है। यह सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक सशक्त कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *