छत्तीसगढ़

खुशहाली की नई रफ्तार किसान राजूराम ने खरीदी “सपनों की सवारी“ टीवीएस एक्सएल

सुकमा, 20 जनवरी 2026/sns/- बस्तर के सुदूर वनांचल में जब विकास की किरण पहुंचती है, तो वह केवल आंकड़ों में नहीं बल्कि किसान के चेहरे की मुस्कान और उसके घर के आंगन में खड़ी नई गाड़ी के रूप में दिखाई देती है। कुछ ऐसी ही कहानी है सुकमा जिले के जनपद पंचायत छिंदगढ़ में स्थित ग्राम पेरमारास निवासी किसान राजूराम नाग की, जिनके जीवन में राज्य सरकार की धान खरीदी योजना ने खुशहाली की नई “रफ्तार“ भर दी है।
पसीने की मिली पूरी कीमत, 48 घंटे में हुआ भुगतान
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जारी धान खरीदी अभियान सुकमा के किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। राजूराम ने तोंगपाल केंद्र में अपना 33 क्विंटल धान बेचा। शासन की प्रतिबद्धता का असर देखिए कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की मान से धान की राशि मात्र दो दिनों के भीतर सीधे उनके बैंक खाते में पहुंच गई। बिना किसी दफ्तर के चक्कर काटे, पूरी पारदर्शिता के साथ मिली इस राशि ने राजूराम के एक पुराने सपने को सच कर दिया।
किसान राजूराम नाग ने बताया कि पहले बाजार जाने या खेती के काम से शहर जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। पैदल चलना या दूसरों के भरोसे रहना मजबूरी थी। समर्थन मूल्य में धान बेचकर मैंने अपनी कमाई से टीवीएस एक्सेल गाड़ी खरीदी है।अब मैं अपने समय और अपने साधन से कहीं भी आ जा सकता हूँ।
प्रशासनिक सजगता से राह हुई आसान
कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में सुकमा प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी किसान को केंद्रों में असुविधा न हो। राजूराम बताते हैं कि सुचारु व्यवस्था और समय पर भुगतान के कारण ही वे अपनी जरूरत की टीवीएस एक्सएल हैवी ड्यूटी मोटरसाइकिल खरीद पाए। यह वाहन अब उनके कृषि कार्यों और परिवार के आवागमन का मुख्य सहारा बन गया है।
आर्थिक मजबूती और बदलता जीवन स्तर
यह कहानी केवल एक मोटरसाइकिल की नहीं है, बल्कि उस भरोसे की है जो सरकार ने किसानों के मन में जगाया है। समर्थन मूल्य पर हो रही खरीदी से वनांचल के किसानों की क्रय शक्ति बढ़ रही है। राजूराम जैसे हजारों किसान अब अपनी उपज का वाजिब दाम पाकर न केवल अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं, बल्कि आधुनिक सुख-सुविधाओं से भी जुड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *