छत्तीसगढ़

जिले के 69 ग्रामों में ‘स्वास्थ्य मित्र’ की नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित

बीजापुर, 20 जनवरी 2026/sns/- बीजापुर जिले में नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 69 ग्रामों में‘स्वास्थ्य मित्र’ की अस्थायी नियुक्ति की जाएगी। इस संबंध में कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बीजापुर द्वारा विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किया गया है। जारी सूचना के अनुसार प्रत्येक चयनित ग्राम में एक-एक स्वास्थ्य मित्र की नियुक्ति की जाएगी। इस पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 5000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा, साथ ही कार्य आधारित अधिकतम 3000 तक प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
आवेदन की प्रक्रिया 16 जनवरी 2026 से 29 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी शाम 5 बजे तक केवल स्पीड पोस्ट अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदक की आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। चयन में संबंधित ग्राम के निवासी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसी ग्राम से पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होता है, तो समीपस्थ ग्राम के आवेदकों पर विचार किया जाएगा। चयन प्रक्रिया मेरिट क्रम के आधार पर होगी। चयनित स्वास्थ्य मित्रों को 5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी होगी तथा स्थानीय व्यवस्था के अंतर्गत की जाएगी, जिसे किसी भी समय समाप्त किया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बीजापुर में संपर्क कर सकते हैं अथवा जिले के वेबसाइट www.bijapur.gov.in का अवलोकन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *