छत्तीसगढ़

पंचायत प्रतिनिधियों व मैदानी कर्मियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

ई-ग्राम स्वराज, करारोपण, जीपीडीपी एवं सतत विकास लक्ष्यों पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण

सुकमा, 20 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत सुकमा अंतर्गत सोमवार को स्वामी विवेकानंद भवन, सुकमा में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) योजनांतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर सुशासन, डिजिटल प्रशासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुदृढ़ करना था।
प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, पीएचई मैकेनिक तथा शिक्षक सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के उपयोग, ऑनलाइन रिकॉर्ड संधारण, डिजिटल भुगतान प्रणाली तथा पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर करारोपण, राजस्व वसूली, पंचायत निधि के समुचित उपयोग और वित्तीय अनुशासन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) निर्माण की प्रक्रिया, समुदाय की भागीदारी, प्राथमिकता आधारित विकास कार्यों की पहचान तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और आजीविका संवर्धन के बारे में भी जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *