छत्तीसगढ़

उप संचालक ने की पंचायत कार्यों की व्यापक समीक्षा

मुंगेली, 17 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला पंचायत सभाकक्ष में उप संचालक पंचायत श्री संतोष घोषले की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला ऑडिटर, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी एवं समस्त ऑडिट टीम के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में वित्तीय प्रबंधन, कर वसूली की प्रगति तथा प्रशासनिक दायित्वों की समीक्षा कर पारदर्शिता और कार्यकुशलता सुनिश्चित करना था। उप संचालक ने वित्तीय अनुशासन, समयबद्ध प्रविष्टि एवं राजस्व संग्रहण में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समयसीमा में सभी लंबित कार्य पूर्ण किए जाएं।
बैठक में ग्राम पंचायतों में समर्थ पोर्टल पर पंजीयन की वर्तमान स्थिति तथा विभिन्न करों की वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को शत-प्रतिशत पंजीयन एवं लक्ष्य अनुरूप कर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरपंच एवं पंचों के मानदेय प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई। लंबित एंट्री को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए गए। ग्राम पंचायतों में मोबाइल टॉवर, तालाब एवं अन्य स्रोतों से प्राप्त राजस्व की समीक्षा की गई। जमा राशि एवं अभिलेख संधारण की स्थिति पर विशेष जोर देते हुए पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित उप सरपंचों के संबंध में चर्चा की गई तथा संबंधित पंचायतों को कारण स्पष्ट करने और भविष्य में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में उठाए गए अन्य प्रशासनिक एवं वित्तीय विषयों पर भी चर्चा हुई। उप संचालक पंचायत ने सभी बिंदुओं पर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *