छत्तीसगढ़

साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विकास कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा बस्तर पंडुम एवं गणतंत्र दिवस आयोजन को लेकर अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी


बीजापुर, 06 जनवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जनवरी माह में आयोजित होने वाले बस्तर पंडुम को भव्य रूप से आयोजित करने तथा इसके व्यापक प्रचारदृप्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक आयोजन से जुड़ सकें।
कलेक्टर ने कहा कि बस्तर पंडुम के माध्यम से अंदरुनी क्षेत्रों के ग्रामीणों को भी बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विद्याओं से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि बस्तर पंडुम का ब्लॉक स्तरीय आयोजन 13 से 16 जनवरी 2026 तक संभावित है, जिसकी तैयारियाँ समय पर पूर्ण की जाएँ।
बैठक में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के गरिमामय आयोजन को लेकर नामजद अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं बेहतर ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में वनाधिकार प्राप्त किसानों के फौती नामांतरण, बैंक खाता विहीन तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए विशेष खाता खोलने अभियान, तथा वनाधिकार पत्रों से संबंधित नवीन आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण कर जिला स्तरीय समिति को भेजने के निर्देश दिए गए। नियद नेल्लानार योजना में शामिल गांवों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए बारदाना की उपलब्धता एवं रकबा समर्पण की जानकारी ली। वहीं भैरमगढ़ ब्लॉक में सर्पदंश से होने वाली मृत्यु के अधिक मामलों को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, डीएफओ श्री रंगानाथन रामाकृष्णन वाय,अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी गण समस्त अनुभाग के एसडीएम डिप्टी कलेक्टर एवं सीएमओ नगरीय निकाय उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *