कवर्धा, 30 दिसंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज समय सीमा की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में पीएम आवास निर्माण, जनमन योजना के तहत निर्माण कार्यों की स्थिति, अपार आईडी निर्माण, जल जीवन मिशन सहित जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार से समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने आगामी 01 जनवरी को होने जा रहे भोरमदेव कॉरिडोर के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने बैठक में ब्लॉक स्तर पर चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में जनपद वार जानकारी ली। उन्होंने विकासखंडों में पीएम आवास निर्माण स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी सीईओ जनपद को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने मॉनिटरिंग शेड्यूल बनाकार नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को भी पूरी तेजी से पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। छात्रों के अपार आईडी निर्माण के बारे में अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए शिक्षा, राजस्व और पंचायत विभाग को आपसी समन्वय करते हुए लंबित आईडी निर्माण का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में एडीएम श्री विनय पोयाम, श्री नरेन्द्र पैकरा, संयुक्त कलेक्टर श्री आरबी देवांगन, पडरिया एसडीएम श्री संदीप ठाकुर, बोड़ला श्री सागर सिंह राज, सहसपुर लोहारा श्रीमती शिल्पा देवांगन, सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित थे।
भोरमदेव कॉरिडोर भूमिपूजन के तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर श्री वर्मा ने बैठक में आगामी 01 जनवरी को होने वाले भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों के आगमन, मंचीय एवं बैठक व्यवस्था हेतु पंडाल, पार्किंग, कार्यक्रम स्थल पर बेरीकेडिंग, पेयजल सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व के अनुरूप अब तक हुई तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुरूप सारी व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसआईआर के अगले चरणों का हो सुचारू क्रियान्वयन
बैठक के दौरान कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के ड्राफ्ट रोल के प्रारंभिक प्रकाशन के पश्चात अगले चरण के तहत दावा आपत्ति प्राप्त करना और नोटिस संबंधी कार्यवाही निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

